Showing posts with label इराक़. Show all posts
Showing posts with label इराक़. Show all posts

Sunday, June 15, 2008

कल मैंने एक देश खो दिया

ये कविताएं उस कवयित्री ने लिखी हैं, जो बहुत हड़बड़ी में थी और जिसने कल ही अपना देश खोया है. ये कविता उन लोगों को संबोधित है, जो आने वाले दिनों में अपना देश खो बैठेंगे, क्‍योंकि वे सब भी बहुत हड़बड़ी में हैं. हम ऐसे समय में हैं, जहां हर सुबह संज्ञाएं बदल जाती हैं. सर्वनाम वही रहते हैं, पर क्रियाएं बदल जाती हैं. जो चीज़ें नहीं बदलतीं, वे अपनी बेबसी में शर्मिंदा हैं. न वे ख़ुद बदल पाती हैं, न दूसरी चीज़ों को बदलने से रोक पाती हैं.

उस कवयित्री का नाम है दुन्‍या मिख़ाइल. अरबी में लिखने वाली दुन्‍या बदले हुए वादों की कवि हैं. 1965 की पैदाइश है. चार संग्रह आ चुके हैं. दो अंग्रेज़ी में अनूदित हैं. 2001 में दुन्‍या को संयुक्‍त राष्‍ट्र का 'फ्रीडम ऑफ राइटिंग' अवार्ड मिला. उससे पहले इराक़ में उसे धमकियां मिलीं. जान बचाने की फि़क्र मिली. बग़दाद की गलियों से लाशें मिलीं. चीत्‍कार और आंसू मिले. सड़कों पर धुएं के बीच कुछ दोस्‍त मिले, जिन्‍होंने सरकारी धमकियों से बचाते हुए उसे देश से बाहर निकाला. 96 में वह इराक़ छोड़कर मिशिगन जा बसी. समकालीन अरबी कविता में वह एक ज़रूरी नाम है.

पहल 83 के लिए उसकी कुछ कविताओं का अनुवाद और ईमेल पर उससे एक छोटा-सा इंटरव्‍यू किया था. यहां प्रस्‍तुत कविता उन्‍हीं में से है. कविता में साहस पर पहले नज़र जाती है, कविता की सुंदरता पर बाद में.  

मैं हड़बड़ी में थी

कल मैंने एक देश खो दिया
मैं बहुत हड़बड़ी में थी
मुझे पता ही नहीं चला
कब मेरी बांहों से फिसलकर गिर गया वह
जैसे किसी भुलक्‍कड़ पेड़ से गिर जाती है
कोई टूटी हुई शाख

कोई उसके पास से गुज़रे
और वह उसकी टांगों से टकरा जाए

शायद आसमान की ओर खुले पड़े किसी सूटकेस में
या किसी चट्टान पर उकेरा हुआ
मुंह खोल चुके किसी घाव की तरह
या निर्वासित लोगों के कंबलों में लिपटा
या किसी हारे हुए लॉटरी टिकट की तरह ख़ारिज
या किसी नरक में पड़ा असहाय, विस्‍मृत
या बिना किसी मंजि़ल के लगातार दौड़ता
बच्‍चों के सवालों की तरह
या युद्ध के धुएं के साथ उठता
या रेत पर किसी झोपड़ी में लुढ़कता
या अलीबाबा के मर्तबान में लुकाया हुआ
या भेस बदलकर पुलिसवाले की पोशाक में खड़ा
जिसने अव्‍यवस्‍था फैला दी हो क़ैदियों के बीच
और ख़ुद भाग खड़ा हुआ हो
या हंसने की कोशिश करती
किसी औरत के दिमाग़ में
उकड़ूं बैठा हुआ
या अमेरिका में नए आए लोगों के
सपनों की तरह बिखरा हुआ

किसी भी रूप में टकराए वह किसी से
तो कृपया उसे मुझे लौटा दीजिए
मुझे लौटा दीजिए, श्रीमान
मेम साब, मुझे लौटा दीजिए
वह मेरा देश है
कल जब मैंने उसे खोया
मैं बहुत हड़बड़ी में थी.

Saturday, May 17, 2008

हमें माफ़ कर दो, वरना हम तुम्हें गोली मार देंगे

राख-इराक़

बहुत सारे हथियारों के साथ
वे दनदनाते हुए घुसेंगे आपके घर में
और कहेंगे कि सारे हथियार निकाल फेंको
उन पर सिर्फ़ हमारा हक़ है
वे आपको रास्ते में रोक लेंगे और
नाक पर पिस्तौल सटाकर कहेंगे
जेब में जितने भी हों पैसे
हमें दे दो
पैसों पर सिर्फ़ हमारा हक़ है
वे आधी रात को फ़रमान जारी करेंगे
अपनी औरतों को भेज दो हमारे तंबुओं में
ख़ूबसूरत औरतों पर सिर्फ़ हमारा हक़ है

वे मासूम बच्चों की आंखों में गोली मारेंगे
बिना ज़ाहिर किए कि उन आंखों से उन्हें डर लगता है
वे बुज़ुर्गों की ज़ुबानों पर छुरी चलाएंगे
और दूर खड़े होकर खिजाएंगे
वे पीठ से बांध देंगे आपके हाथ और
किसी महिला की चड्ढी से ढांप देंगे आपका मुंह
और कहेंगे कि ढूंढ़ लीजिए वह राह
जिस पर चलना है आपकी सरकार को

आपके गले में पट्टा बांधकर कहेंगे
सिर्फ़ हांफो ज़ुबान निकाल कर
कराहने, रोने या चीख़ने की हिम्मत न करना
हमें तफ़रीह का मन है

और एक दिन जब उनका मन भर जाएगा
वे आपकी कनपटी पर लगाएंगे बंदूक़
और दुख के साथ कहेंगे
हमें माफ़ कर दो इन सबके लिए
वरना हम तुम्हें गोली मार देंगे
(2004 में लिखी गई, प्रगतिशील वसुधा में प्रकाशित)